हल्दूचौड़ :
राशन कार्ड की समस्याओं पर ग्राम प्रधान के आवास पर अधिकारियों संग हुई बैठक
5 अगस्त को शहीद जगदीश जोशी सभागार में लगेगा विशेष कैंप

लालकुआं / हल्दूचौड़।
लालकुआं क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा हल्दूचौड़-दौलिया में राशन कार्डों में आ रही भारी विसंगतियों, ई-केवाईसी (e-KYC) के नाम पर कट रही यूनिटों और नए राशन कार्ड न बनने से परेशान ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर ग्राम प्रधान राधा कैलाश भट्ट के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक आहूत की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के उच्चाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच जनसमस्याओं पर गहन मंथन हुआ। लंबी चर्चा के पश्चात सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि ग्रामीणों की सहूलियत के लिए आगामी 5 तारीख को प्रातः 11:00 बजे से ‘शहीद जगदीश जोशी सभागार’ में एक ‘विशेष राशन कार्ड समाधान कैंप’ लगाया जाएगा, ताकि ग्रामीणों की सभी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा सके।
बैठक के दौरान ग्राम प्रधान राधा कैलाश भट्ट ने विभागीय कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि गरीबों और पात्र परिवारों को राशन जैसी मूलभूत सुविधा के लिए तहसील या पूर्ति कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें, यह विभाग को तत्काल सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से सख्त लहजे में कहा कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में कोई भी राशन कार्ड संबंधी कार्यवाही या नाम काटने की प्रक्रिया बिना पंचायत स्तर पर पात्रता जांचे नहीं होनी चाहिए। इस पर विभागीय अधिकारियों ने भी सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि 5 तारीख को आयोजित होने वाले कैंप में पूर्ति विभाग के कर्मचारियों की पूरी टीम मौजूद रहेगी और कार्ड नवीनीकरण, नाम जोड़ने व हटाने सहित सभी तकनीकी व व्यावहारिक समस्याओं को त्वरित रूप से दूर किया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से जनपद नैनीताल के जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) मनोज कुमार बर्मन, लालकुआं तहसील के पूर्ति निरीक्षक (सप्लाई इंस्पेक्टर) मोहित कटहैत, ग्राम प्रधान हल्दूचौड़-दौलिया एवं सचिव ग्राम प्रधान संगठन (हल्द्वानी) राधा कैलाश भट्ट, वरिष्ठ समाजसेवी कैलाश भट्ट तथा सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
ग्राम प्रधान राधा कैलाश भट्ट व सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी ने बताया कि राशन कार्ड कटने और नए कार्ड न बनने को लेकर ग्रामीण लगातार परेशान थे, लेकिन आज जिला पूर्ति अधिकारी व सप्लाई इंस्पेक्टर के साथ हुई यह बैठक अत्यंत सकारात्मक रही है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य यही है कि 5 तारीख को लगने वाले विशेष कैंप के माध्यम से ग्राम सभा के अंतिम व्यक्ति तक योजना का पारदर्शी लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र व गरीब परिवार सरकारी खाद्यान्न योजना से वंचित न रहे। इस दौरान समाजसेवी कैलाश भट्ट ,राजू चौबे सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।




















