October 31, 2026
ww yyyy ppp new lll mkl

प्रो. रजनीश पाण्डे ने कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलसचिव का कार्यभार किया ग्रहण

0
1004806319
222 aaaa bbb cccc dddd eeee ffff gggg hhhh iii jjjj kkkk lll mmm nnnn ooo pppp qqq zzzzz

नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय में कुलसचिव पद पर उत्पन्न रिक्तता के दृष्टिगत विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए अंतरिम व्यवस्था करते हुए प्रो. रजनीश पाण्डे को कुलसचिव का कार्यभार सौंपा है। विश्वविद्यालय द्वारा 31 जुलाई 2026 को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार उत्तरांचल राज्य विश्वविद्यालय (केन्द्रीयकृत) सेवा नियमावली, 2006 के प्रावधान 20(6) के अंतर्गत उन्हें उनके मूल दायित्वों के अतिरिक्त कुलसचिव के कार्यों के निर्वहन की जिम्मेदारी प्रदान की गई है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व कुलसचिव डॉ. मंगल सिंह मनराल द्वारा उच्च न्यायालय, नैनीताल के आदेश के अनुपालन में स्वयं को दिनांक 12 मई 2026 से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त मानने के संबंध में पत्र प्रस्तुत किए जाने के उपरांत कुलसचिव का पद रिक्त हो गया था। विश्वविद्यालय एवं जनहित को दृष्टिगत रखते हुए कुलपति द्वारा यह अंतरिम व्यवस्था की गई है, जिससे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक, परीक्षा एवं शैक्षणिक कार्य निर्बाध रूप से संचालित होते रहें।
प्रो. रजनीश पाण्डे ने शुक्रवार अपराह्न कुलसचिव का कार्यभार विधिवत ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षणिक अनुभागों की समीक्षा करते हुए कार्यों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी संचालन पर बल दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता तथा विकासात्मक गतिविधियों को और अधिक गति प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्रो. पाण्डे कुमाऊँ विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं अनुभवी प्रशासक हैं। वर्तमान में वे कला संकायाध्यक्ष एवं अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त वे विश्वविद्यालय में संचालित योग, शिक्षा एवं मनोविज्ञान पाठ्यक्रमों के संयोजक भी हैं तथा इन पाठ्यक्रमों के शैक्षणिक संचालन एवं समन्वय में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन में उनका अनुभव अत्यंत व्यापक रहा है। वे कुमाऊँ विश्वविद्यालय के प्रथम नियुक्त परीक्षा नियंत्रक रहे हैं। उनके कार्यकाल में परीक्षा प्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण पहल की गईं, जिनसे परीक्षा प्रशासन को नई कार्यसंस्कृति एवं संस्थागत मजबूती प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त उन्होंने विश्वविद्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं शैक्षणिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। अपने दीर्घ शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव के आधार पर प्रो. पाण्डे ने प्रत्येक दायित्व का उत्तरदायित्वपूर्ण, पारदर्शी एवं कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनकी प्रशासनिक दक्षता, शैक्षणिक प्रतिबद्धता तथा संगठनात्मक क्षमता के कारण वे विश्वविद्यालय समुदाय एवं शिक्षाविदों के बीच एक सम्मानित पहचान रखते हैं।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों व कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रो. रजनीश पाण्डे के अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व एवं प्रशासनिक कौशल का लाभ विश्वविद्यालय को प्राप्त होगा तथा उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, परीक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएँ और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी तथा गतिशील बनेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *