बहुप्रतीक्षित गेठिया-कुरियागांव मोटर मार्ग का जल्द होगा निर्माण
बलॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने किन के साथ किया निरीक्षण लिंक में क्लिक कर खबर में जाने

नैनीताल। नैनीताल जिले के तहत भीमताल क्षेत्र की बढ़ती आबादी के लिए जीवनरेखा माने जाने वाले बहुप्रतीक्षित गेठिया-कुरियागांव मोटर मार्ग के निर्माण का रास्ता अब जल्द साफ होने वाला है। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत स्वीकृत इस मार्ग की बाधाओं को दूर करने के लिए भीमताल के बलॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ प्रस्तावित मार्ग का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि सडक़ निर्माण के लिए आवश्यक सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है हालांकिए मार्ग के कुछ हिस्सों पर स्थानीय स्तर पर उठी आपत्तियों के कारण धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी विवादित स्थल की भौगोलिक स्थिति और अपनी व्यवहारिक समस्याओं को प्रमुखता से बलॉक प्रमुख डा.बिष्ट के सामने रखा। ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि बाहरी व्यक्ति द्वारा जमीन खरीदी गई है मोटर मार्ग निर्माण में कुछ भूमि आ रही हैं जिसको लेकर उक्त व्यक्ति द्वारा बार बार आपत्ति की जा रही है।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद बलॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आपत्तियों का आपसी समन्वय और नियमानुसार तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेकट में अनावश्यक देरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तय किया गया कि जल्द ही ग्राम पंचायत की बैठक बुलाकर संबंधित पक्षों से सीधा संवाद किया जाएगा और विवादित स्थल का सर्वमान्य हल निकालकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इस सडक़ के बनने से क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इस दौरान ग्राम प्रधान गेठिया रिंकू देवी, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार, सहायक अभियंता मिताली कपिल समेत सुरेन्द्र रावत, अजय कुमार, दयाल सिंह, हरीश कुरिया, लछम सिंह, राजू कुरिया, भीम सिंह कैड़ा, आरती कैड़ा, विमल, मनोज पतलिया, टीका सिंह व सुरेश बगड़वाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।

























