नैनीताल जू में जल्द बढ़ेगा परिवार आने वाली है सफेद भागन बाघिन
चिडिय़ाघर में वन्य जीवों का कुनबा बढ़ाने की तैयारी हुई तेज

नैनीताल। सरोवर नगरी के प्रतिष्ठित चिडिय़ाघर में वन्य जीवों का कुनबा बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को जल्द ही यहां सफेद बाघिन के दीदार होंगे। इसके लिए नैनीताल जू प्रबंधन का पटना चिडिय़ाघर के साथ वन्यजीवों के आदान प्रदान का प्रस्ताव अंतिम चरण में पहुंच गया है। दोनों चिडिय़ाघरों की ओर से इस पर सहमति भी मिल चुकी है। प्रस्ताव के तहत नैनीताल जू एक काला भालू पटना जू को देगा जबकि बदले में वहां से पटना जू से एक मादा सफेद बाघिन लाई जाएगी।
नैनीताल जू के निदेशक आकाश गंगवार के अनुसार दोनों चिडिय़ाघरों के बीच सहमति बनने के बाद अब प्रस्ताव को नियमानुसार केंद्रीय चिडिय़ाघर प्राधिकरण (सीजेडए) की तकनीकी समिति के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। समिति की मंजूरी मिलने के बाद वन्यजीवों के स्थानांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसमें करीब तीन से छह महीने का समय लगने की संभावना है।इसी क्रम में देहरादून चिडिय़ाघर के साथ भी वन्यजीवों के आदान.प्रदान को लेकर सहमति बन गई है। इस प्रस्ताव के तहत नैनीताल जू में मकाऊ (रंग.बिरंगे विदेशी तोते) लाए जाएंगे जबकि इसके बदले यहां से चीड़ फीजेंट देहरादून जू को दिए जाएंगे। डीएफओ के अनुसार यह प्रस्ताव भी अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे अंतिम रूप दिए जाने की उममीद है।वन्यजीवों के इस आदान.प्रदान से नैनीताल जू में वन्यजीवों की विविधता बढऩे के साथ पर्यटकों को नए वन्यजीव देखने का अवसर मिलेगा साथ ही चिडिय़ाघरों के बीच वैज्ञानिक प्रबंधन, प्रजनन और वन्यजीव संरक्षण की दिशा में भी सहयोग मजबूत होगा। गंगवार ने बताया कि दोनों प्रस्तावों पर संबंधित चिडिय़ाघरों के बीच सहमति बन चुकी है। अब नियमानुसार जरूरी अनुमोदन और औपचारिकताएं पूरी की जानी हैं।

























