सरोवर नगरी लेक ब्रिज में फास्टैग से प्रवेश शुल्क वसूली का ट्रायल शुरू
नगर पालिका की यह है बड़ी उपलब्धि

नैनीताल। सरोवर नगरी नगर पालिका परिषद नैनीताल द्वारा शहर की प्रवेश शुल्क व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी एवं डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 24 सितंबर की शाम से लेकब्रिज प्रवेश द्वार पर फास्टैग के माध्यम से प्रवेश शुल्क वसूली का ट्रायल रन प्रारम्भ कर दिया गया है।बता दे एन पी सी आई से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होने के बाद आज से लेकब्रिज पर फास्टैग आधारित प्रवेश शुल्क संग्रहण प्रणाली का ट्रायल प्रारम्भ किया गया है।
प्रारंभिक तौर पर प्रणाली को कुछ दिनों तक ट्रायल रन के रूप में संचालित किया जाएगा। इस दौरान वाहन पहचान, फास्टैग रीडिंग, शुल्क कटौती, लेन-देन की प्रक्रिया तथा मौके पर आने वाली अन्य परिचालन संबंधी समस्याओं का परीक्षण किया जाएगा। ट्रायल के दौरान सामने आने वाली तकनीकी एवं परिचालन समस्याओं का समाधान करने के बाद व्यवस्था को पूर्ण रूप से लागू करते हुए फास्टैग आधारित प्रवेश शुल्क संग्रहण प्रारम्भ कर दिया जाएगा।
नगर पालिका परिषद नैनीताल के टोल ऑपरेटर एम जी इंफ़्रा सलूशन्स से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एन पी सी आई के माध्यम से ज्ञात हुआ है कि नगर पालिका परिषद नैनीताल उत्तराखंड राज्य का पहला स्थानीय निकाय है, जहां प्रवेश शुल्क/टोल संग्रहण को फास्टैग के माध्यम से संचालित करने की शुरुआत की गई है। यह व्यवस्था नगर पालिका परिषद नैनीताल के प्रवेश शुल्क ऑपरेटर एम जी इंफ़्रा सलूशन्स के माध्यम से संचालित की जा रही है।
फास्टैग आधारित व्यवस्था पूर्ण रूप से लागू होने के बाद वाहन चालकों को प्रवेश शुल्क भुगतान के लिए नकद लेन-देन की आवश्यकता कम होगी तथा प्रवेश द्वारों पर वाहनों की आवाजाही को अधिक तेज, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी। साथ ही डिजिटल माध्यम से शुल्क संग्रहण होने के कारण व्यवस्था में पारदर्शिता एवं बेहतर रिकॉर्ड प्रबंधन भी सुनिश्चित हो सकेगा। नगर पालिका परिषद नैनीताल के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसके माध्यम से आधुनिक तकनीक का उपयोग कर शहर की प्रवेश शुल्क व्यवस्था को डिजिटल एवं अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक नई शुरुआत की गई है। इससे पुलिस को जाम को राहत मिलेगी।

























