मसलमेनिया नेचुरल बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में
नैनीताल निवासी चंदन ने चौथा स्थान हासिल किया

नैनीताल । सरोवर नगरी में कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर नैनीताल के पूर्व छात्र एवं पूर्व एनसीसी कैडेट चंदन सिंह बिष्ट (शरद) ने दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित मसलमेनिया नेचुरल बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेंस कलासिक फिजीक वर्ग में चौथा स्थान प्राप्त कर जनपद नैनीताल का नाम गौरवान्वित किया है।
उल्लेखनीय है कि मसलमेनिया विश्व की प्रमुख नेचुरल बॉडीबिल्डिंग एवं फिजीक प्रतियोगिताओं में से एक है। वर्ष १९९१ में शुरू हुई यह प्रतियोगिता उन खिलाडिय़ों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करती है जो बिना प्रतिबंधित प्रदर्शन वर्धक दवाओं के शरीर निर्माण और फिटनेस के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर देशभर के प्रशिक्षित खिलाडिय़ों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए मैंस कलासिक फिजिक वर्ग में चौथा स्थान प्राप्त करना एक महत्वपूर्ण कामयाबी है।
चंदन सिंह बिष्ट ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि खेल, व्यायाम और सकारात्मक जीवनशैली न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाती है बल्कि आत्मविश्वास व अनुशासन और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने युवाओं से फिटनेस को अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।चंदन की इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं में उत्साह का माहौल है।





















