बाल दिवस पर यौ पहाड़ फाउंडेशन ने
स्कूली छात्र छात्राओं के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान
शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए किया प्रेरित


नैनीताल। सरोवर नगरी में बाल दिवस के अवसर पर यौ पहाड़ फाउंडेशन की पूरी टीम ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर जरूरतमंद बच्चों के साथ समय बिताया और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने की एक छोटी लेकिन यादगार पहल की। इस दौरान बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए जीवन में आगे बढ़ने तथा भविष्य में देश और अपने पहाड़ के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
यह कार्यक्रम ब्रेयसाइड स्कूल (शेर का डांडा), बारबाली स्कूल (शेरवानी के पास), आर्य समाज स्कूल (बड़ा बाजार) एवं प्राथमिक विद्यालय (गौशाला के पास) में आयोजित किया गया। इस अवसर पर बच्चों को सर्दियों से बचाव के लिए जूते, मोजे, स्वेटर, अपर-लोअर, गर्म टोपी के साथ कैंडी और चॉकलेट वितरित की गईं। टीम ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें बड़े सपने देखने और मेहनत व लगन से उन्हें पूरा करने का संदेश दिया। यौ पहाड़ फाउंडेशन की टीम ने बताया कि बच्चों को वितरित की गई सामग्री संस्था द्वारा आयोजित चरिटेबल गरबा Night से प्राप्त चैरिटी और क्राउडफंडिंग के माध्यम से जुटाई गई है। संस्था ने सभी दानदाताओं, सहयोगियों और शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिनके प्रेम, विश्वास और सहयोग से यह पहल संभव हो पाई।
संस्था का उद्देश्य केवल जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना ही नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास जगाना, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना भी है। इस मौके पर
कार्यक्रम में पुनीत टंडन, डॉ. संतोख बिष्ट, सागर सोनकर, नीरज बिष्ट, चेतन मेहरा, दीपा बिष्ट, अर्जुन बोहरा, अनिकेत शर्मा, प्रियंका चौधरी, हितेश जोशी, चंद्रकांत एवं लोकेश बिष्ट उपस्थित रहे।

























