नैनी झील मे नासा के सदस्यों ने सफाई अभियान मे निकाला कूड़ा कचरा और प्लास्टिक की बोतले


नैनीताल। सरोवर नगरी में लगातार हो रही वर्षा के बाद नैनी झील में विभिन्न नालों व अन्य माध्यम के माध्यम से पहुंच रहे प्लास्टिक एवं अन्य तैरते कचरे की सफाई के लिए नैनीताल एक्वाटिक एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (नासा) के सदस्यों ने आज भी विशेष सफाई अभियान जारी रखा। एसोसिएशन के सदस्यों ने नौकाओं के माध्यम से झील के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर पानी की सतह पर जमा प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन तथा अन्य ठोस कचरे को एकत्र कर झील से बाहर निकाला।
सफाई अभियान के दौरान सदस्यों ने झील में तैर रहे कचरे को व्यवस्थित रूप से एकत्र किया तथा उसे झील से बाहर किया, ताकि उसका उचित निस्तारण किया जा सके। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि बारिश के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बहकर आने वाला प्लास्टिक कचरा नैनी झील की स्वच्छता एवं जलीय पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती है। ऐसे में झील में पहुंचने वाले कचरे को समय रहते बाहर निकालना आवश्यक है। उन्होंने कहा झील में कचरा पहुंचने से रोकने के लिए नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटकों की सामूहिक जिम्मेदारी भी जरूरी है।
नासा ने नागरिकों एवं पर्यटकों से अपील की कि वे प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन और अन्य कचरा नालों, जलधाराओं अथवा झील के आसपास न डालें। झील को स्वच्छ रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा संस्था द्वारा आगे भी सफाई अभियान जारी रहेगा। बता दे वर्ष के बाद नैनी झील में अचानक बढ़े ठोस कचरे को देखते हुए एसोसिएशन द्वारा लगातार दूसरे दिन यह अभियान चलाया गया। इस मौके पर अभियान में यशपाल सिंह रावत, धीरज भूपाल बिष्ट, मोहम्मद फैजान, रोहित गर्ग, प्रो. रीतेश साह, विक्रम, मनीष, पिंकी, मोहम्मद सुभान, सिद्धि सहित नासा के अन्य सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने सफाई अभियान चलाया गया




















