ज्योलीकोट इलाके में बीमारियां पसार रही है तेजी से पांव
ज्योलीकोट सहकारी समिति में लगाए गये शिविर में सामने आई बीमारियां पीलिया और टाइफाइड के बढ़ रहे हैं मरीज
ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने शिविर का किया निरीक्षण

नैनीताल । जिले के भीमताल विकास खंड के तहत ज्योलीकोट इलाके में बीमारियों का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को ज्योलीकोट सहकारी समिति में लगाए गये शिविर में सामने आया कि इलाके में पीलिया और टाइफ ाइड तेजी से पांव पसार रहा है। शिविर में लगभग ७० लोगों की आवश्यक जांच, सलाह और दवाओं का वितरण किया गया।
इस दौरान भीमताल विकास खंड के ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने शिविर का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य विभाग की टीम और मरीजों से मुलाकात करते कहा कि विभाग इलाके में फैल रही बीमारियों पर लगातार फ ोकस कर इलाज मुहैया कराए। शिविर में प्रात: से ही दूरदराज से आए लोगों की भीड़ लगी रही जिसमें हर आयु वर्ग के मरीज शामिल थे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलीकोट के प्रभारी डॉ गर्वित ने बताया कि शिविर में आए लोगों में पेट दर्द,दस्त तथा बुखार के मरीजों के साथ टाइफ ाइड और पीलिया के संभावित रोगियों की तादात ज्यादा देखने को मिले जिन्हें चिन्हित करने के बाद आवश्यक जांच के लिए सैंपल लिए गए। जिन मरीजों में स्पष्ट लक्षण चिह्नित हुए उनका उपचार प्रारंभ कर दिया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही संखया पता चल पाएगी।स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ हेमंत मर्तोलिया,डॉ गर्वित कुमार,डॉ मोहन भट्ट,डॉ आकांक्षा समेत फ ार्मासिस्ट निर्मला भट्ट, स्वाति शील गुरुरानी, किरन कांडपाल, मेघा बिष्ट समेत ग्राम प्रधान नवल कुमार, हरगोविंद सिंह रावत, देवेंद्र नेगी तथा उप प्रधान मनोज बर्गली व मनीष कुमार के साथ अन्य लोगों ने सहयोग किया।




















