दुखद समाचार
पालिका संविदा कर्मी दीपक ने की आत्महत्या
घर में फंदे से लटका मिला शव परिवार में मचा कोहराम





नैनीताल । सरोवर नगरी के तल्लीताल हरी नगर क्षेत्र में नगर पालिका के एक संविदा कर्मी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस और फ ॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तल्लीताल हरिनगर निवासी दीपक कुमार (32) नगर पालिका नैनीताल में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। मंगलवार शाम को वह अपने घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। बेटे को इस हालत में देखकर उसकी मां बदहवास हो गई। बताया जा रहा है कि दीपक का सुबह पत्नी से विवाद हुआ था जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। सूचना पर तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को सौंप दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीडी पांडे चिकित्सालय भेजा जहां डॉक्टरों ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रख दिया है। मामले में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ की गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल दीपक की मौत पर परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिवार के लोगों का बुरा हाल है।





















