एआरओ बिष्ट के नेतृत्व में चला गैस की कालाबाजारी व अवैध भंडारण रोकने को अभियान

नैनीताल । उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के क्रम में नैनीताल जिले के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने बीरवार को पूर्ति निरीक्षक रवि डालाकोटी के साथ नैनीताल क्षेत्रान्तर्गत गैस की कालाबाजारी तथा अवैध भंडारण व रिफीलिंग को रोके जाने हेतु अभियान चलाया ।
इस दौरान उन्होंने शाम को ३.२५ बजे मैसर्स भवाली गैस सर्विस भवाली गैस गोदाम का भी औचक निरीक्षण प्रबंधक दीपा पाटनी की उपस्थिति में किया । बिष्ट के मुताबिक इस गोदाम की संग्रहण क्षमता २०००० किलोग्राम है । गोदाम के मुखय भाग में विस्फ ोटक लाइसेंस नंबर अंकित पाया गया । मौके पर कई सिलेंडर की तौल करने पर उनमें मानक के अनुसार गैस पाई गई । निरीक्षण के दौरान एआरओ बिष्ट को गोदाम में २ डिफेटिव घरेलू सिलेंडर भी देखने को मिले जिसे प्रबंधक को तत्काल कंपनी को वापस कर इनके स्थान पर सही सिलेंडर मंगवाने की हिदायत दी गई ।
एआरओ बिष्ट ने जानकारी देते हुए कहा कि घरेलू सिलेंडर की उपलबधता सुनिश्चित करने के लिए विभाग निरन्तर प्रयासरत है और पर्याप्त मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न गैस गोदामों में उपभोक्ताओं को वितरण करने हेतु उपलबध हैं । कहा कि गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण व रिफ ीलिंग को रोकने के लिये विभाग द्वारा निरन्तर प्रवर्तन कार्य किए जा रहे हैं । यदि कोई भी व्यक्ति/संस्था/व्यापारी द्वारा गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण व रिफीलिंग करते हुए पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम १९५५ की सुसंगत धाराओं में प्रविधानांतर्गत नियमानुसार कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी




















