सीआरएसटी कॉलेज सभागार मे कल सोमवार
युगमंच के स्वर्ण जयंती समारोह के तहत
नाटक द जू स्टोरी का होगा मंचन




नैनीताल। सरोवर नगरी की प्रसिद्ध नाट्य संस्था युगमंच के प्रतिबद्ध और गौरवशाली स्वर्णिम रंगयात्रा के 50 वर्ष होने पर वर्ष भर चलने वाले स्वर्ण जयंती समारोह के उद्घाटन अवसर पर दिनांक 22 जून 2026 को सायं 7:00 बजे से सी आर एस टी इंटर कॉलेज के सभागार में नाटक द जू स्टोरी का मंचन किया जाएगा.
द जू स्टोरी नाटक की प्रस्तुति पंचकोशी ग्रुप दिल्ली के द्वारा की जा रही है. नाटक एडवर्ड एलबी द्वारा लिखा गया है. नाटक का निर्देशन तथा संगीत एवं डिजाइन उत्पल झा द्वारा किया गया है.
नाटक के कलाकारों के रूप में वरिष्ठ रंगकर्मी पराग सरमाह द्वारा पीटर की तथा नैनीताल के सुमन वैद्य द्वारा जैरी की भूमिका निभाई जा रही है. वेशभूशा डिजाइन में दक्षिणा शर्मा सहित प्रस्तुति सहयोगी के रूप में युगमंच की पूरी टीम द्वारा योगदान दिया जा रहा है.
यह नाटक दो पात्रों पीटर और जेरी के इर्द-गिर्द घूमता है जो एक दुसरे से विपरीत परिस्थिति वाले होते हैं. नाटक की मूल कथा चिड़ियाघर से परे, मानवीय अकेलेपन से संबंधित है. चिड़ियाघर सभी मनुष्यों को सलाखों के पीछे की पिंजरे में बंद वास्तविकता और हम सभी के भीतर छिपे जानवर का एक रूपक है.
नाटक के निर्देशक बिहार में जन्मे उत्पल झा भारतेंदु नाट्य अकादमी और राष्ट्रीय राष्ट्रीय विद्यालय नई दिल्ली से प्रशिक्षित वरिष्ठ निदेशक एवं ख्याति प्राप्त कलाकार वर्तमान में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में सहायक प्रोडक्शन मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं
नाटक में पराग सरमाह के साथ जैरी की भूमिका निभा रहे ख्याति प्राप्त नैनीताल के रंगकर्मी सुमन वैद्य युगमंच से निकल कर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से प्रशिक्षित वरिष्ठ कलाकार हैं, जो कि एक रंगकर्मी अभिनेता और निर्देशक के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हैं.
युगमंच नैनीताल विगत 50 वर्षों से लगातार नाट्य विधा को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने में जुटा हुआ है. 1976 में युगमंच के पहले नाटक अंधा युग से लगातार 50 वर्षों की इस अनवरत यात्रा में युगमंच द्वारा सैकड़ो नाटकों की प्रस्तुति की गई है.
यह वर्ष 2026-27 युगमंच का स्वर्ण जयंती वर्ष है, इसलिए वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा.
कार्यक्रम की तैयारी एवं प्रस्तुति में युगमंच की कार्यकारिणी के सदस्यों डीके शर्मा जहूर आलम मनोज कुमार नवीन बेगाना भास्कर बिष्ट डॉo हिमांशु पांडे अदिति खुराना जितेंद्र बिष्ट रफत आलम प्रवीण शाह इंतखाब आलम मिथिलेश पांडे एवं राजेंद्र लाल शाह आदि जुटे हुए हैं.





















