नॉर्दर्न प्लाइवुड फैक्ट्री का
वानिकी विज्ञान विभाग मे बी.एससी. वानिकी के विद्यार्थियों ने शैक्षिक औद्योगिक किया भ्रमण

नैनीताल। सरोवर नगरी में कुमाऊं विश्वविद्यालय के डी. एस. बी. परिसर, कुमाऊँ विश्वविद्यालय द्वारा वानिकी विज्ञान विभाग मे बी.एससी. वानिकी (स्व-वित्तपोषित) चार वर्षीय पाठ्यक्रम के छठे एवं आठवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए दिनांक 07 अप्रैल 2026 को नॉर्दर्न प्लाइवुड फैक्ट्री, नया गांव, रामनगर (जनपद नैनीताल) में एक विस्तृत शैक्षिक औद्योगिक भ्रमण का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को वानिकी आधारित उद्योगों की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना तथा सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना था। भ्रमण के दौरान फैक्ट्री प्रबंधक श्री देवी दत्त बुडलाकोटी एवं उत्पादन प्रबंधक श्री संजय तिवारी द्वारा विद्यार्थियों को प्लाइवुड निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से विस्तारपूर्वक समझाई गई। प्रारंभ में कच्चे माल के रूप में उपयोग होने वाले विभिन्न वृक्षों के लट्ठों (logs) के चयन, उनकी गुणवत्ता निर्धारण तथा भंडारण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके पश्चात विद्यार्थियों को लॉगिंग से लेकर डिबार्किंग (छाल हटाना), रोटरी कटिंग द्वारा वेनियर (veneer) तैयार करने, वेनियर की ड्राइंग, ग्रेडिंग एवं सॉर्टिंग की प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया गया।
आगे की प्रक्रिया में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के चिपकाने वाले रसायनों (adhesives) के उपयोग, परतों के संयोजन (lay-up), हॉट प्रेसिंग एवं कोल्ड प्रेसिंग तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार विभिन्न गुणवत्ता (ग्रेड) के प्लाइवुड—जैसे कमर्शियल, मरीन एवं डेकोरेटिव प्लाइ—का निर्माण किया जाता है। विद्यार्थियों ने गुणवत्ता नियंत्रण के अंतर्गत किए जाने वाले विभिन्न परीक्षणों जैसे मजबूती, नमी प्रतिरोध एवं स्थायित्व के परीक्षणों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
फैक्ट्री में प्रयुक्त आधुनिक मशीनों एवं उपकरणों—जैसे रोटरी कटिंग मशीन, हॉट प्रेस, सैंडिंग मशीन आदि—का विस्तृत परिचय भी कराया गया, जिससे विद्यार्थियों को औद्योगिक तकनीक की वास्तविक समझ प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त, उत्पादन प्रक्रिया में अपनाए जाने वाले सुरक्षा मानकों तथा श्रमिकों के कार्य वातावरण के बारे में भी जानकारी दी गई। पूरे उत्पादन चक्र के दौरान विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें वानिकी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों से भी अवगत कराया गया।
अंत में वानिकी विज्ञान विभाग की ओर से फैक्ट्री के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार गुप्ता का आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने विद्यार्थियों को फैक्ट्री भ्रमण का अवसर प्रदान किया तथा इस शैक्षिक गतिविधि को सफल बनाने में सहयोग दिया।
इस शैक्षिक भ्रमण का समन्वय विभाग के डॉ. कुबेर सिंह गिन्ती एवं डॉ. नन्दन सिंह द्वारा किया गया, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विभागाध्यक्ष प्रो. आशीष तिवारी के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में इस पूरे कार्यक्रम का सफल आयोजन संभव हो सका।
यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। इससे उन्हें न केवल प्लाइवुड उद्योग की तकनीकी एवं व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिला, बल्कि वानिकी शिक्षा के विभिन्न अनुप्रयोगों को समझने में भी सहायता मिली, जो उनके भविष्य के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।




















