पार्वती प्रेमा जगाती विद्यालय गीता के श्लोकों के शुद्ध उच्चारण से गूँजा

नैनीताल। सरोवर नगरी के प्रतिष्ठित पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार, वीरभट्टी में शनिवार को श्रीमद्भगवद्गीता आधारित श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए गीता के श्लोकों का सस्वर एवं शुद्ध उच्चारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता कनिष्ठ एवं वरिष्ठ दो वर्गों में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में कुमाऊँ विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक उप्रेती तथा मोहनलाल साह बालिका विद्या मंदिर की हिंदी प्रवक्ता श्रीमती ऋतु शर्मा उपस्थित रही।
कनिष्ठ वर्ग में वैभव भट्ट एवं रुद्र शर्मा (कक्षा 7-अ) ने संयुक्त रूप से प्रथम, अंश गर्ग (कक्षा 7-अ) ने द्वितीय तथा ओजस शुक्ला (कक्षा 7-ब) एवं वंश चौधरी (कक्षा 8-अ) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वरिष्ठ वर्ग में मयंक जोशी (कक्षा 9-अ) ने प्रथम, अभिषेक यादव (कक्षा 10-ब) ने द्वितीय तथा शिवांश शर्मा (कक्षा 10-ब) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस दौरान कार्यक्रम में निर्णायक डॉ. अशोक उप्रेती ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता भारतीय ज्ञान परंपरा का अमूल्य ग्रंथ है। गीता के श्लोकों का अध्ययन एवं उनका शुद्ध उच्चारण विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास और कर्तव्यनिष्ठा जैसे गुणों का विकास करता है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला प्रेरणास्रोत है। इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों में भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति सम्मान, संस्कृत भाषा के प्रति अनुराग तथा नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास होता है। इस मौके पर कार्यक्रम में शैक्षिक प्रभारी उमेश शर्मा, माध्यमिक वर्ग के समन्वयक डा माधव त्रिपाठी, बाल वर्ग के समन्वयक संजय, पवन, चंद्रशेखर, लक्ष्मीनारायण, आकाश, कार्यक्रम संयोजक प्रियांशु जोशी, तथा सभी शिक्षण गण उपस्थित रहे।

























