नैनीताल के शिक्षा संकाय के अंतर्गत
आईटीईपी विभाग में जनगणना जागरूकता एवं स्व-जनगणना विषय पर विशेष सत्र आयोजित



नैनीताल। सरोवर नगरी में कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के शिक्षा संकाय के अंतर्गत संचालित एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम (आईटीईपी) विभाग में जिला जनगणना अधिकारी कमल सिंह मेहरा एवं उनकी टीम के सहयोग से जनगणना जागरूकता तथा स्व-जनगणना (सेल्फ-सेंसस) विषय पर एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी ने विद्यार्थियों को जनगणना के महत्व, उसकी प्रक्रिया तथा ऑनलाइन माध्यम से स्व-जनगणना के अंतर्गत अपनी जानकारी दर्ज करने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
सत्र को संबोधित करते हुए जिला जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। जनगणना के माध्यम से एकत्रित किए गए आँकड़े सरकार को प्रभावी सामाजिक नीतियों के निर्माण, विकास योजनाओं के निर्धारण तथा संसाधनों के उचित वितरण में सहायता प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जनगणना की सफलता के लिए आवश्यक है।
अधिकारी ने विद्यार्थियों को स्व-जनगणना की ऑनलाइन प्रक्रिया से परिचित कराया तथा वेबसाइट पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करने की चरणबद्ध विधि समझाई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं की जानकारी दी गई। अधिकारी एवं उनकी टीम के सदस्यों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उन्हें जनगणना संबंधी जानकारी भरने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
जिला जनगणना अधिकारी ने कहा कि आईटीईपी के विद्यार्थी भावी शिक्षक हैं और भविष्य में राष्ट्र निर्माण एवं समाज के मार्गदर्शन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसलिए उनके लिए जनगणना की प्रक्रिया, उसके उद्देश्य तथा सामाजिक महत्व को समझना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी न केवल स्वयं इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करेंगे, बल्कि भविष्य में शिक्षक के रूप में समाज में जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाने में भी योगदान देंगे।
इस अवसर पर शिक्षा संकाय के अधिष्ठाता प्रो. ललित मोहन तिवारी ने जिला जनगणना अधिकारी एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति संवेदनशील बनाते हैं। उन्होंने जनगणना विभाग द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।
विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक उप्रेती ने विद्यार्थियों को जिला जनगणना अधिकारी एवं उनकी टीम के साथ सहयोग करने तथा जनगणना की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भावी शिक्षकों के लिए ऐसे कार्यक्रमों में सहभागिता करना उपयोगी एवं महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. सरोज शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभाग के समस्त संकाय सदस्य डॉ. लक्ष्मण सिंह, डॉ. पुष्पा अधिकारी, डॉ. हेमा मेहरा, डॉ. दीपिका भट्ट, डॉ. भूपेंद्र सिंह, डॉ. वर्षा पंत, सुश्री विनीता विश्वकर्मा, डॉ. सुरभि बिष्ट, सुश्री आकांक्षा शैली डॉ. ललिता जोशी, डॉ. शाहिद हुसैन एवं श्री तेज प्रकाश जोशी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने जनगणना एवं स्व-जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। यह सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को जनगणना के महत्व से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक तथा भावी शिक्षक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

























