उत्तराखंड महोत्सव में गूंजा पहाड़ का लोक संगीत

कलाकारों ने दी भव्य झोड़ा नृत्य की प्रस्तुति

लखनऊ नैनीताल। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित १२ दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव में बीरवार को देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक लोककलाओं की मनमोहक छटा देखने को मिली। बता दें संगीत संस्कृति फ ाउंडेशन के तत्वावधान में एवं हरितिमा पंत के निर्देशन में बीरवार को १६ कलाकारों के दल ने उत्तराखंड के पारंपरिक झोड़ा लोकनृत्य की भव्य प्रस्तुति दी। पारंपरिक वेशभूषा, लोकसंगीत की मधुर धुनों और आकर्षक नृत्य शैली ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने अपने शानदार सामूहिक प्रदर्शन के माध्यम से देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत समेत लोक परंपराओं और पहाड़ी जनजीवन की सुंदर झलक मंच पर साकार की। इस प्रस्तुति में वागीशा, अनुराधा, तृप्ति, उर्मिला, नेहा, रुचि, राधा, दीपाली एवं उन्नति सहित कुल १६ कलाकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कलाकारों के बेहतरीन तालमेल व पारंपरिक नृत्य शैली और सांस्कृतिक समर्पण ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। दर्शकों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ प्रस्तुति की भरपूर सराहना की।हरितिमा पंत के निर्देशन में आयोजित इस प्रस्तुति का मकसद उत्तराखंड की पारंपरिक लोककलाओं का संरक्षण एवं संवर्धन करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोडऩा है। कुल मिलाकर इस मनमोहक प्रस्तुति ने उत्तराखंड महोत्सव में पहाड़ की संस्कृति और परंपरा के रंग बिखेर दिए।

























