कांग्रेसियों के आंदोलन पर भाजपा का पलटवार
ज्योलीकोट में भाजपा की विकास समर्थन सभा आयोजित
सरकारी संपत्तियों का सदुपयोग कर पर्यटन, निवेश और रोजगार बढ़ाना चाहती है धामी सरकार : भाजपा

ज्योलीकोट नैनीताल। उत्तराखंड में पर्यटन, निवेश और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी भूमि एवं वर्षों से अनुपयोगी पड़े सरकारी भवनों के बेहतर इस्तेमाल की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को लेकर बुधवार को ज्योलीकोट में भाजपा की विकास समर्थन सभा आयोजित की गई। सभा में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के ‘भूमि बचाओ–धामी हटाओ’ अभियान पर अपनी बात रखते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी संपत्तियों को बेचना नहीं, बल्कि उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत लीज पर देकर विकास और रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि लीज पर देने का अर्थ जमीन का स्वामित्व हस्तांतरित करना नहीं है। जमीन सरकार की ही रहती है और उसके उपयोग से पर्यटन, होटल, व्यावसायिक गतिविधियों तथा अन्य विकास परियोजनाओं को प्रोत्साहन मिलता है। इससे प्रदेश में निवेश बढ़ेगा, स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी और विशेष रूप से उत्तराखंड के युवाओं एवं जेन-जी पीढ़ी के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
सभा में कांग्रेस के अभियान के जवाब में भाजपा की ओर से पांच प्रमुख सवाल उठाए गए। भाजपा नेताओं ने कहा कि जिन सरकारी जमीनों और भवनों का वर्षों से कोई उपयोग नहीं हो रहा, वहां रोजगार और विकास की संभावनाएं तलाशना समय की आवश्यकता है। यदि ऐसी संपत्तियों का उपयोग पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किया जाता है, तो इसमें आपत्ति क्यों होनी चाहिए? तेलंगाना में निवेश को प्रोत्साहित करने वाली कांग्रेस उत्तराखंड में निवेश का विरोध क्यों कर रही है? कर्नाटक में उद्योगों के लिए भूमि उपलब्ध कराने के प्रयासों पर कांग्रेस का क्या पक्ष है? अपनी सरकारों के कार्यकाल में इन संपत्तियों से कितने रोजगार पैदा किए गए और क्या पहाड़ के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करने देना ही कांग्रेस की नीति है?
इन सवालों का जवाब देते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा सरकारी संपत्तियों का निजीकरण करना नहीं, बल्कि उनके माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। वर्षों से बंद पड़े भवनों और अनुपयोगी सरकारी जमीनों को लीज पर देकर पर्यटन आधारित परियोजनाएं विकसित की जा सकती हैं। इससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, युवाओं को अपने क्षेत्र में काम करने के अवसर मिलेंगे और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जेन-जी युवाओं के नाम और उनकी भावनाओं का सहारा लेकर उन्हें विभिन्न राजनीतिक मुद्दों में उलझाने का प्रयास कर रही है, जबकि भाजपा सरकार चाहती है कि युवा विकास, रोजगार, उद्यमिता और पर्यटन से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बनाएं। भाजपा नेताओं ने कहा कि युवाओं को राजनीतिक भ्रम में उलझाने के बजाय उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है।
विधायक श्रीमती सरिता आर्या ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस सत्ता लोभी और वोट बैंक की राजनीति करती रही है। विकास और रोजगार से जुड़े प्रयासों का विरोध करना कांग्रेस की राजनीतिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के विकास और युवाओं के भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की ने कहा कि सरकारी संपत्तियों का सदुपयोग कर पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। सरकार की मंशा इन संपत्तियों को बेचने की नहीं, बल्कि लीज के माध्यम से उनका उपयोग सुनिश्चित कर स्थानीय लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की है। कांग्रेस को विकास के प्रयासों का विरोध करने के बजाय सकारात्मक सुझाव देने चाहिए।
दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती शांति मेहरा ने कहा कि प्रदेश के विकास में पर्यटन और स्थानीय रोजगार की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग होने से स्थानीय परिवारों, व्यापारियों और युवाओं को लाभ मिल सकता है।
दयाकिशन पोखरिया ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्यटन संभावनाओं वाले प्रदेश में बंद पड़ी सरकारी संपत्तियों का उपयोग विकास की नई संभावनाएं पैदा कर सकता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पलायन रोकने में भी सहायता मिल सकती है।
अरविंद पड़ियार ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। विकास की योजनाओं को राजनीतिक विरोध से ऊपर उठकर देखना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री पुष्कर जोशी ने किया। सभा के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद तथा वर्ष 2027 में भाजपा की विजय के संकल्प के साथ नारे लगाए। कार्यक्रम के समापन पर कांग्रेस का सांकेतिक पुतला दहन भी किया गया।
इस अवसर पर महिला आयोग सदस्य विमला अधिकारी, जिला उपाध्यक्ष प्रगति जैन, सुरेश उप्रेती, हरगोविंद रावत, जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा कविता गंगोला, अम्बा दत्त आर्या, हेम आर्या, मोहन पाल,भुवन आर्या, विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक भारत सिंह मेहरा, आईटी संयोजक कमल जोशी, कृष्णा साह, भवाली मंडल महामंत्री वर्षा, संतोष कुमार, युवराज सिंह करायत, मनोज पवार, पान सिंह खनी, मुकेश मेहरा, गौरव हार्पर, कैलाश जोशी, राहुल चौहान, धीरज आर्या एवं अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार आर्या सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

























