बेतालघाट: दुख की घड़ी में भाजपा के वरिष्ठ नेता हेम पहुंचे पीड़ित परिवारों के बीच
की आर्थिक मदद दिया हरसंभव मदद का भरोसा



बेतालघाट नैनीताल। भाजपा के वरिष्ठ नेता हेम आर्य सोमवार बेतालघाट क्षेत्र के बिनाकोट और बुंगा खैराली गांव पहुंचे। यहां उन्होंने हाल ही में हादसों में अपने प्रियजनों को खोने वाले दोनों परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस मुश्किल समय में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। बता दें हेम आर्य बिनाकोट गांव पहुंचे, जहां बीते दिनों भुवन चंद्र के इकलौते बेटे दीपक की नदी में डूबने से मौत हो गई थी। दीपक की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में दो बेटियां दिव्यांग हैं और इकलौते बेटे को खोने के बाद परिवार के सामने भविष्य को लेकर भी कई चुनौतियां हैं।
हेम आर्य ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही दोनों दिव्यांग बेटियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने परिवार को नकद आर्थिक सहायता भी प्रदान की। इसके बाद हेम आर्य बुंगा खैराली गांव पहुंचे, जहां मोहन सिंह के पुत्र ललित बोहरा की कर्नाटक में तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिवार को हिम्मत बनाए रखने के लिए ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा दोनों परिवारों के लिए यह समय बेहद कठिन है। उन्होंने कहा वह दोनों परिवारों के साथ हैं और उन्हें जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद का भरोसा जताया।

























