स्नातक प्रवेश के लिए अंतिम अवसर
5 सितंबर तक कर सकेंगे नया पंजीकरण
नैनीताल। सरोवर नगरी में कुमाऊं विश्वविद्यालय मे शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक (यू .जी.) कक्षाओं में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों की सुविधा एवं छात्रहित को ध्यान में रखते हुए समर्थ पोर्टल पर नवीन पंजीकरण के लिए अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। इसके तहत विद्यार्थी 2 सितंबर से 5 सितंबर 2026 तक समर्थ पोर्टल पर नया पंजीकरण करने के साथ ही इच्छित प्रोग्राम एवं कॉलेज का चयन कर सकेंगे।
पंजीकृत एवं योग्य विद्यार्थियों के प्रवेश तथा प्रवेश शुल्क से संबंधित विवरण अपडेट करने के लिए कॉलेज स्तर पर “रिव्यू एंड प्रोसेस” सुविधा 10 सितंबर 2026 तक सक्रिय रहेगी। विश्वविद्यालय ने प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण, प्रोग्राम एवं कॉलेज चयन तथा प्रवेश संबंधी आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।
विश्वविद्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि 5 सितंबर के बाद नवीन पंजीकरण तथा 10 सितंबर के बाद प्रवेश एवं प्रवेश शुल्क संबंधी प्रक्रिया के लिए कोई अतिरिक्त अवसर प्रदान किया जाना संभव नहीं होगा। विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा गया है।




















