September 24, 2026
ww yyyy ppp new lll mkl

डी.एस.बी. परिसर में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण के साथ मनाया गया 12वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

0
1004343940
222 aaaa bbb cccc dddd eeee ffff gggg hhhh iii jjjj kkkk lll mmm nnnn ooo pppp qqq zzzzz

नैनीताल। सरोवर नगरी में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के डी.एस.बी. परिसर स्थित न्यू आर्ट्स ग्राउंड में योग विभाग द्वारा एक भव्य एवं प्रेरणादायी योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर योग के प्रति अपनी आस्था एवं प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे हुआ। सर्वप्रथम प्रोफेसर ललित तिवारी ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और जागरूक जीवनशैली की ओर अग्रसर करने वाली एक समग्र जीवन-पद्धति है। उन्होंने वर्तमान समय में योग की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता पर भी अपने विचार व्यक्त किए।

इसके उपरांत डी.एस.बी. परिसर की निदेशक प्रोफेसर नीता बोरा शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक एवं सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा।

योग विभाग की डॉ. दीपा आर्या द्वारा प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया गया। इस सत्र में विभिन्न योगासन, प्राणायाम, मुद्राएँ, बंध तथा ध्यान की विधियों का क्रमबद्ध अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं एकाग्रता के साथ योगाभ्यास में भाग लिया। योग सत्र के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक ओम् उच्चारण एवं शांति पाठ किया गया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण में शांति, सकारात्मकता एवं आध्यात्मिक चेतना का संचार हुआ।

योगाभ्यास के उपरांत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में योग विभाग की छात्राओं रोशनी खनायत, गरिमा पांडे, साक्षी सिंह, गीतांजलि एवं सलोनी आर्या ने डॉ. शुभम विश्वकर्मा एवं डॉ. शैलजा सिंह के निर्देशन में एक आकर्षक एवं मनमोहक लयबद्ध नृत्य प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने योग, संस्कृति एवं भारतीय परंपरा के सुंदर समन्वय को प्रदर्शित किया तथा उपस्थित दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर योग विभाग की ओर से परिसर निदेशक प्रोफेसर नीता बोरा शर्मा को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। विभाग द्वारा अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर संजय पंत तथा मुख्य नियंता (चीफ प्रॉक्टर) प्रोफेसर हरीश बिष्ट के प्रति भी उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर प्रोफेसर आशीष मेहता, प्रोफेसर मनोज बिष्ट, डॉ. चेतना मेहरा, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. दिव्या पांगती, डॉ. नगमा परवीन सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का सफल आयोजन योग विभाग, डी.एस.बी. परिसर द्वारा किया गया। आयोजन ने न केवल योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया, बल्कि विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भारतीय ज्ञान परंपरा एवं सांस्कृतिक मूल्यों से भी जोड़ने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *