भल्यूटी, कौसानी तथा ज्योली ग्राम के मध्य मुख्य मोटर मार्ग में बाघ के पंजों के निशान मिलने से फैली सनसनी

नैनीताल । जिले के भीमताल विकास खंड के तहत ज्योलीकोट- ज्योली -रानीबाग मोटर मार्ग में भल्यूटी, कौसानी तथा ज्योली ग्राम के मध्य मुख्य मोटर मार्ग में बाघ के पंजों के निशान (खोज) मिलने से सनसनी फैल गई जिससे लोगों में दहशत है।
उल्लेखनीय है कि कि पिछले २५ दिनों में सूर्यगांव, ज्योली और भदयूनी में दो महिलाएं और एक युवक को आदमखोर वन्य जीवों के शिकार बन चुके हैं। आदमखोर वन्य जीव के कहर को खत्म करने के लिए ट्रेंकुलजर टीम लगातार जुटी हुई है, वही वन विभाग ने पचास से ज्यादा ट्रैप कैमरे, मचान तथा पिंजड़े और गश्त लगाकर इस आपदा से मुक्ति के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों और आसपास में जागरूकता के लिए प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
मामले में मनोरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नितिन पंत ने लोगों से अपील की है कि आवाजाही में सतर्कता बरतें, खासकर जंगल से लगे ग्रामीण इलाकों खेतों तथा मोटर और पैदल मार्गों में ज्यादा सावधानी बरतें तथा आवश्यक होने पर झुंड में आवाजे करते हुए आए जाएं। दूसरी ओर ग्राम प्रधान चंद्र शेखर भट्ट, देवेंद्र सिंह नेगी, नवल कुमार तथा सामाजिक कार्यकर्ता सूरज पांडे ने गांवों में रात्रि मेंज्यादा गश्त करने की मांग की है । इसके अलावा भीमताल के बलाक प्रमुख डा.हरीश सिंह बिष्ट ने भी ग्रामीणों से सर्तक रहने की गुजारिश की है।




















