सूखाताल वार्ड की सभासद गजाला कमाल ने
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को ज्ञापन सौंप कर
दुग्ध कंपनियों को निर्देशित कर खाली प्लास्टिक की थैलियां वापस लेने का निवेदन किया और दिया सुझाव

नैनीताल। सरोवर नगरी में सूखाताल वार्ड की सभासद गजाला कमाल ने नैनीताल कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को ज्ञापन देकर अवगत कराया की वर्तमान समय में दुग्ध कंपनियों द्वारा दूध की आपूर्ति प्रायः प्लास्टिक पैकेटों में की जाती है। यह पैकेट उपभोक्ता द्वारा उपयोग के पश्चात कचरे के रूप में परिवर्तित हो जाते है. जो वर्षों तक नष्ट नहीं होते। इसके कारण हमारे शहरों एवं गाँवो में प्लास्टिक कचरे की समस्या विकराल रूप ले रही है तथा यह प्रदूषण पूरे पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक सिद्ध हो रहा है। गजाला का कहना है दुग्ध कंपनियों को सामाजिक एवं पर्यावरण को लेकर ठोस कदम उठाना चाहिए। उन्होंने मंत्री सौरव बहुगुणा से निवेदन और अनुरोध किया की दुग्ध कंपनियों को दूध वितरण के पश्चात उपयोग किए गए प्लास्टिक पैकेट वापस लेने की अनिवार्यता सुनिश्चित की जाए। और इसके लिए कंपनियों को रीसाइक्लिंग एवं पुनः उपयोग योग्य व्यवस्था स्थापित करने हेतु निर्देशित किया जाए। इसके साथ उन्होंने सुझाव भी दिया पूर्व में दुग्ध कम्पनियां जिस तरह 25 से 30 खाली पैकेट वापस लेने पर दूध का पैकेट फ्री दिया जाता था उसी तरह दोबारा इस को शुरू किया जाए ताकि अधिक से अधिक प्लास्टिक कम्पनियां बापस ले पाएगी। और इससे पर्यावरण को बचाया जा सकता है। इस मौके पर ज्ञापन देने के दौरान सभासद गीता उप्रेती,लता दफौटी, काजल आर्या,पूरन बिष्ट, भगवत रावत मौजूद थे।




















