प्रतिष्ठित नैनीताल बैंक की सराहनी पहल
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में
कर्णप्रयाग उप जिला चिकित्सालय को एम्बुलेंस की भेंट
नैनीताल में विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री की वितरित



नैनीताल। सरोवर नगरी में नैनीताल बैंक लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर ) के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में जनकल्याणकारी पहल करते हुए समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया गया। इस क्रम में बैंक द्वारा उप जिला चिकित्सालय, कर्णप्रयाग को एक एम्बुलेंस भेंट की गई। माननीय कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, उत्तराखंड उच्च न्यायालय श्री न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में एम्बुलेंस की चाबी सी.एम.एस डॉक्टर भागवती प्रसाद पुरोहित चिकित्सालय प्रशासन को सौंपी गई। बैंक की इस पहल से क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए बैंक द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज एवं अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नैनीताल के विद्यार्थियों को स्कूल बैग, ट्रैक सूट एवं शैक्षणिक किट वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा उनकी शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सहयोग प्रदान करना है। कार्यक्रम में बैंक के कार्यपालक निदेशक कुलदीप सिंह, मुख्य परिचालन अधिकारी अनिल कुमार एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी सुमंत चक्रवर्ती सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, उत्तराखंड उच्च न्यायालय मनोज कुमार तिवारी एवं नैनीताल बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुशील कुमार लाल द्वारा वर्चुअल बैंक की तल्लीताल शाखा के नए परिसर का उद्घाटन किया गया। शाखा के नवीनीकरण का उद्देश्य ग्राहकों को आधुनिक एवं बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनके बैंकिंग अनुभव को और अधिक सुविधाजनक बनाना है। बता दें नैनीताल बैंक स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामुदायिक विकास को अपने सी एस आर प्रयासों का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सहायता एवं सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बैंक का विश्वास है कि बैंकिंग सेवाओं के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन भी समावेशी एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

























