कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने
कुलाधिपति व माननीय राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से की शिष्टाचार भेंट

विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों की दी जानकारी
नैनीताल देहरादून। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने लोक भवन देहरादून में उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल व कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल कुमाऊँ विश्वविद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों तथा भविष्य की विकास योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की।
भेंट के दौरान कुलपति प्रो. बिष्ट ने विश्वविद्यालय में शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने, शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास से संबंधित प्राथमिकताओं से माननीय राज्यपाल को अवगत कराया। उन्होंने विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों के विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में प्रस्तावित योजनाओं की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर माननीय राज्यपाल उत्तराखंड ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं शोध संबंधी उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए अपना मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान किया। कुलपति प्रो. बिष्ट ने बताया कि माननीय कुलाधिपति से यह भेंट उच्च शिक्षा, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण रही।

























