जन संवाद दिवस पर पंप आपरेटरों व लाइनमैनों के लंबित मानदेयों का मुद्दा छाया रहा ब्लाक प्रमुख गंभीर

नैनीताल । जिले के भीमताल विकासखंड में नियमित बुधवार को आयोजित होने वाले जनसंवाद दिवस में पेयजल किल्लत, दूषित पानी और लाइनमैन के लंबित मानदेय का मुद्दा छाया रहा।
बता दें बलॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित जन संवाद दिवस बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों तथा पानी के संकट को प्रमुखता से उठाया। जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बलॉक प्रमुख ने जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामीण पेयजल योजनाओं में तैनात पंप ऑपरेटरों और क्षेत्रीय लाइनमैनों को पिछले कई महीनों से मानदेय नही मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति दयनीय हो गयी है।
बलॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने कर्मियों के आर्थिक शोषण पर सखत रुख अपनाते हुए उनके भुगतान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जल जनित प्रभावित क्षेत्र में पानी की कमी को दूर करने के लिए चल रहे नए बोरिंग और पंपिंग कार्यों की समीक्षा करते हुए बलॉक प्रमुख ने स्पष्ट किया कि जल गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने जल निगम और जल संस्थान को निर्देश दिए कि खोदे जा रहे सभी नए जल स्रोतों की पुन: जांच कराए और उनकी प्रयोगशाला परीक्षण रिपोर्ट सौंपी जाए।
उन्होंने साफ कहा कि जब तक स्रोतों के पानी की शुद्धता पूरी तरह प्रमाणित नहीं हो जाती तब तक वहां से पेयजल आपूर्ति शुरू न की जाए। इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलडिय़ा, ग्राम प्रधान जया बोहरा, जानकी, प्रकाश आर्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहित कुमार, पंकज सूर्या, अमर सिंह, बीडीओ हर्षित गर्ग, जल संस्थान के सहायक अभियंता अनिल परिहार और पेयजल निगम के अनिल कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

























