बीडी पांडे अस्पताल का 132 वां स्थापना दिवस केक काट कर मनाया

नैनीताल। नैनीताल के राजकीय बीडी पांडे जिला अस्पताल का 132 वां स्थापना दिवस शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इससे पूर्व कार्यक्रम में बतौर मुखय अतिथि स्वास्थ निदेशक कुमाऊं मंडल डॉ. केके अग्रवाल सहित विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष डॉ सरस्वती खेतवाल, सांसद प्रतिनिधि गोपाल सिंह रावत, ताल चैनल की एमडी ईशा साह समेत आशा फाउंडेशन की अध्यक्ष आशा शर्मा समेत समाजसेवी शालिनी बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया साथ ही केक काटा। इसके बाद अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ.महिमन सिंह दुग्ताल ने अस्पताल के इतिहास के बारे में जानकारी दी और बताया कि अस्पताल में प्रतिवर्ष करीब १ लाख १० हजार तक की ओपीडी होती है और साथ ही अन्य स्वास्थ सेवाएं भी मरीजों को दी जाती हैं साथ ही उन्होंने अस्पताल की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले चाल्र्स फ्रोसफेट और बद्री दत्त पांडे को भी याद किया।
इस दौरान अन्य अतिथियों ने अस्पताल के ऐतिहासिक महत्व और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में इसके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बीडी पांडे अस्पताल लंबे समय से नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस दौरान अस्पताल की पीएमएस डॉ द्रौपदी गर्बियाल समेत डॉ अनिरुद्ध गंगोला, डॉ सुधांशु सिंह, डॉ नरेंद्र सिंह रावत, डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित नर्सिंग स्टाफ तथा फार्मासिस्ट और अस्पताल के कर्मी मौजूद रहे।

























