ज्योलीकोट में जल जनित रोग प्रकरण:स्वास्थ्य विभाग ने तीन स्थानों में लगाये शिविर

नैनीताल सरोवर नगरी के समीपवर्ती ज्योलीकोट क्षेत्र में जल जनित रोगों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए सीएमओ डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर शनिवार को बल्दियाखान एवं बेलुवाखान क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया तथा जल जनित रोगों से बचाव एवं स्वच्छता संबंधी स्वास्थ्य शिक्षा की जानकारी भी दी गई।
विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक ज्योलिकोट में ६८ जबकि बल्दियाखान में २० तथा बेलुवखान में २१ लोगो का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया । दूसरी ओर सीएमओ के निर्देश पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट को शाम ५ बजे तक खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य केंद्र में क्षेत्र के लोगों की लगातार चिकित्सकीय जांचए आवश्यक लैब जांच एवं दवा वितरण की सुविधा मुहैया कराई जा रही है ताकि किसी भी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके साथ ही क्षेत्र में आवश्यकता को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में ४ अतिरिक्त बेड बढ़ाए गए हैं जिससे मरीजों के लिए उपचार एवं भर्ती की सुविधा को और बेहतर बनाया जा सके




















