October 6, 2026
ww yyyy ppp new lll mkl
1005038175
222 aaaa bbb cccc dddd eeee ffff gggg hhhh iii jjjj kkkk lll mmm nnnn ooo pppp qqq zzzzz

किशोरियों को स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम हुआ आयोजित

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या रही मौजूद

नैनीताल। सरोवर नगरी के प्रतिष्ठित ऑल सेंट्स कॉलेज, नैनीताल में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार तथा एंटी करप्शन इंटरनेशनल काउंसिल के सहयोग से चैतन्य महोत्सव – स्ट्रांग विमेन, स्ट्रांग नेशन के अंतर्गत प्रोजेक्ट सी (सपोर्ट, हेल्थ एंड एंपावरमेंट) के तहत छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं हार्मोनल बदलावों, स्वास्थ्य, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा किशोरावस्था में गर्भधारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में डॉ. गरिमा कांडपाल ने छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और हार्मोनल परिवर्तनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस उम्र में शरीर में तेजी से बदलाव होते हैं और इनके प्रति सही जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने मासिक धर्म, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य तथा शरीर में होने वाले सामान्य बदलावों से जुड़े विषयों को सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से समझाया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या या असामान्य बदलाव को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते अभिभावकों अथवा चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने किशोरियों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी असहज स्थिति में खुलकर बात करने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय साइकिलिंग चैंपियन कार्तिक शर्मा ने भी छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के महत्व पर बात करते हुए छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल और नियमित शारीरिक गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मुख्य अतिथि नैनीताल विधानसभा की विधायक श्रीमती सरिता आर्या ने किशोरावस्था को जीवन का महत्वपूर्ण चरण बताते हुए छात्राओं से कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या या असमंजस की स्थिति में अभिभावकों और विशेषज्ञों से उचित सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर बिना संकोच बात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ गरिमा कांडपाल समेत एम एल ए सरिता आर्या, राष्ट्रीय साइकिलिंग चैंपियन कार्तिक शर्मा, एंटी करप्शन इंटरनेशनल काउंसिल के विमेन विंग की चेयरपर्सन दीप्ति तिवारी, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती एंजिना रिचर्ड्स, सुनीता चौहान, ज्योतिका गिल तथा राजेंद्र कुमार जोशी व विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया। साथ ही छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुति से सभी अतिथियों के स्वागत किया।

प्रोजेक्ट सी के माध्यम से किशोरियों को स्वास्थ्य, व्यक्तिगत सुरक्षा और आत्मविश्वास से जुड़े विषयों पर जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। विद्यालय में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन से छात्राओं को किशोरावस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर वैज्ञानिक जानकारी और उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *