जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्वच्छता अभियान में
टीम क्लीन नैनीताल की टीम ने सूखाताल और आलूखेत में वृहद स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया

नैनीताल। सरोवर नगरी में टीम क्लीन नैनीताल ने उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल, व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के ओर से आयोजित वृहद स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान
नगर पालिका परिषद, झील विकास प्राधिकरण और वन विभाग के साथ मिलकर सूखाताल और उसके आस-पास चलाया। इसमें नैनीताल के कई स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भी हिस्सा लिया।
टीम क्लीन द्वारा अपने “1000 ट्री चैलेंज” और नियमित स्वच्छता अभियानों के तहत प्रदूषित सूखाताल झील के चारों ओर से भारी मात्रा में कचरा साफ किया और नए पौधे लगाए।
इसके बाद टीम ने आलूखेत क्षेत्र में भी एक और महत्वपूर्ण वृक्षारोपण किया। संस्था के प्रशांत तिवारी ने बताया के आलूखेत मुख्य रूप से चीड़ के पेड़ों से ढका है, इसलिए वहां जल संरक्षण बढ़ाने और जंगल की आग (वनाग्नि) को रोकने के लिए टीम ने बांज (Oak) और देवदार (Deodar) के 75 से अधिक पौधे लगाए।
प्रशांत तिवारी ने बताया कि इस मौके पर उच्च न्यायिक सेवा के अधिकारी व उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य श्री प्रदीप कुमार मणि और विभिन्न प्रशासनिक विभागों ने पर्यावरण संरक्षण और उचित कचरा निस्तारण के लिए टीम की कड़ी मेहनत और जागरूकता फैलाने के प्रयासों की बहुत सराहना की है। उन्होंने कहा कि नैनीताल को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए टीम आगे भी विभिन्न विभागों और प्रशासन के साथ मिलकर काम करती रहेगी।
इस मौके पर टीम के स्वयंसेवक आशु निगम, प्रशांत तिवारी, शिखा रावत, यश गर्ग, प्राची जोशी, फैसल, समरीन, रोज़ी, साइमा, आयुष और कोविद मौजूद रहे। साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती खेतवाल, ईओ श्री रोहिताश शर्मा, सीएसआई श्री अमित, पवन, अक्शी और DLSA नैनीताल के सम्मानित न्यायाधीशों और वकीलों ने भी उपस्थित रहकर अपना बहुमूल्य योगदान दिया और अभियान को सफल बनाया।




















