वन महोत्सव के तहत एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत जगह-जगह पर हुआ पौधरोपण



नैनीताल। सरोवर नगरी में वन महोत्सव समेत एक पेड मां के नाम कार्यक्रम के तहत सोमवार को विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर के वनस्पति विज्ञान द्वारा एक पेड़ मां के नाम के कार्यक्रम में डीन साइंस प्रो. संजय पंत तथा सहायक लेखाधिकारी हिमांशु मठपाल ने देवदार,बांज, बुरांश तथा पदम के साथ हाइड्रेंजिया के पौधे रोपित किए। इस मौके पर वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि पौधारोपण हमारा चिंतन ही नहीं बल्कि हमारी शक्ति है जिसके बिना हम सब शून्य है । उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के दिशा निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल/ जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में सिविल जज (सी0डि0)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल श्रीमती पारुल थपलियाल के द्वारा वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत वन विभाग के साथ जिला मुखयालय के सीमावर्ती क्षेत्र बजून,पाटीयाखान, फ गुनियाखेत में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया गया।
वहीं टांकी बीट के कक्ष संखया २६ पिटरिया क्षेत्र में वन महोत्सव के तहत पुतली, पांगर, तिलोंज व बाज आदि विभिन्न प्रजाति के ३५ से अधिक पौधों का रोपण किया गया। वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की के नेतृत्व में किए गए इस पौधारोपण में विमला नगरकोटी वन दरोगा, राजेंद्र वर्मा, वन आरक्षी नंदन दानू, कुंदन सिंह बिष्ट, मनोज साई, मुखय अतिथि भगवत रावत सभासद नारायण नगर वार्ड एवं क्षेत्र के दीप्ति जोशी, हर्षित, हीरा सिंह, शिवम व दीवान आदि स्थानीय लोग मौजूद रहे। उक्रांद अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी द्वारा राज्य में चलाया जा रहा अनूठा पौधारोपण अभियान के तहत डीडीहाट के बंदरलीमा खिरचना दुर्गा मंदिर परिसर में पौधारोपण किया।





















