भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला
9 जुलाई को रुद्रपुर में होगी आयोजित संगठनात्मक रणनीति पर होगा मंथन
नैनीताल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शिक्षक प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला एवं प्रथम परिचयात्मक बैठक आगामी 9 जुलाई को रुद्रपुर में आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से पूर्व संगठन ने सभी संगठनात्मक जनपदों के जिला संयोजकों एवं सह-संयोजकों के नामों की घोषणा भी कर दी है।
भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक श्री कमल के पांडेय ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सभी संगठनात्मक जनपदों के नवनियुक्त जिला संयोजकों, सह-संयोजकों तथा प्रदेश पदाधिकारियों की यह पहली परिचयात्मक बैठक होगी। संयुक्त बैठक एवं कार्यशाला का आयोजन 9 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे से भाजपा जिला कार्यालय, रुद्रपुर में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संगठन की आगामी कार्ययोजना को प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में प्रदेश एवं जिला स्तर के सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
बैठक की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री महेंद्र भट्ट जी करेंगे। वहीं, बैठक का संचालन एवं संगठनात्मक दिशा-निर्देशन भाजपा के माननीय प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक श्री कौस्तुभानंद जोशी जी द्वारा किया जाएगा।
कार्यशाला में संगठन के विस्तार, शिक्षक प्रकोष्ठ की आगामी गतिविधियों, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों तथा विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते हुए सभी जनपदों के पदाधिकारियों को आवश्यक दायित्व एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे।
श्री कमल के पांडेय ने सभी प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों से समय पर उपस्थित होकर कार्यशाला को सफल बनाने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बैठक शिक्षक प्रकोष्ठ को संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।





















