महिला होली प्रतियोगिता के लिए श्री राम सेवक सभा ने किए नियम जारी
महिला होली प्रतियोगिता को भव्य बनाने के लिए चल रही है तैयारीया

नैनीताल। सरोवर नगरी की प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था श्री राम सेवक सभा की ओर से आयोजित होने वाले फ ागोत्सव- २०२६ के अंतर्गत महिला होली प्रतियोगिता के नियम जारी कर दिए गए हैं।
सभा के महासचिव जगदीश चंद्र बवाड़ी के मुताबिक महिला होली प्रतियोगिता को भव्य बनाने के लिए सभा परिवार पूरी कोशिश में जुटा है। कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रत्येक टीम में १०0 प्रतिभागियों का होना अनिवार्य होगा तथा सभी दलों को पारंपरिक होली गायन की प्रस्तुति देनी होगी। कहा कि प्रतियोगिता के लिए प्रवेश शुल्क १००० रुपएं निर्धारित किया गया है जिसे प्रतियोगिता पश्चात वापस कर दिया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग न लेने पर राशि वापस नहीं होगी। प्रत्येक टीम को न्यूनतम १५ मिनट और अधिकतम १७ मिनट का समय दिया जाएगा जिसमें अधिकतम दो होलियों की प्रस्तुति एवं स्वांग अनिवार्य होगा।
बवाड़ी ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों को इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा कि किसी भी धर्म अथवा समुदाय की भावनाएं आहत न हों। स्थानीय टीमों को यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा जबकि बाहरी टीमों के लिए अलग-अलग स्थानों के अनुसार यात्रा व्यय निर्धारित किया गया है, जिसमें अल्मोड़ा तथा रानीखेत से आने वाली टीमों को ६-६ हजार, जबकि हल्द्वानी व बेतालघाट के लिए ४ -४ हजार वहीं ज्योलिकोट, भीमताल, भवाली, नौकुचियाताल, चाफ ी तथा मेहरागांव के लिए २-२ हजार और गेठिया व भूमियाधार के लिए १५००-१५०० सौ रुपए तय किया गया है।
कहा कि महिला होली जुलूस २३ फरवरी २०२६ को धर्मशाला तल्लीताल से प्रात: ११ बजे प्रारंभ होगा जिसमें प्रत्येक दल के कम से कम १० प्रतिभागियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। सभी प्रतिभागी दलों को जुलूस में भाग लेना आवश्यक होगा अन्यथा निर्धारित राशि प्रदान नहीं की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को ३००० रुपये की नकद धनराशि प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रत्येक दल को अपनी टीम से एक सम्मानित की जाने वाली महिला का नाम भी अनिवार्य रूप से भेजना होगा।प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक दलों को १५ फरवरी २०२६ की सायं ६ बजे तक अपनी स्वीकृति लिखित रूप में प्रवेश शुल्क सहित श्री राम सेवक सभा नैनीताल कार्यालय में जमा करनी होगी।




















