रोड पर क्षतिग्रस्त जालियों से दुर्घटना होने का बढ़ा खतरा

नैनीताल। सरोवर नगरी के मल्लीताल क्षेत्र के घनी आबादी वाले बलरामपुर से लेकर सांई मंदिर तक जाने वाले मार्ग में लंबे समय से क्षतिग्रस्त जालियों को ठीक नहीं कराए जाने से क्षेत्र में दुर्घटना की आशंका बढ़ती जा रही है। मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए प्रभावित क्षेत्रवासियों ने लोनिवि के ईई को ज्ञापन सौंपकर मामले में त्वरित कार्रवाई करने की गुजारिश की है ताकि मार्ग में कोई बढ़ी दुर्घटना न होने पाए।
भाजपा मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष व सामाजिक कार्यकर्ता भूपेंद्र सिंह बिष्ट के मुताबिक मल्लीताल के शेरवानी क्षेत्र के बलरामपुर से लेकर सांई मंदिर तक सडक़ के दोनों किनारे क्षतिग्रस्त जालियों से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में इस बारे में लोनिवि के ईई से ज्ञापन दिया गया था लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है,कहा कि यह क्षेत्र के लोगों के आने जाने का मैन मार्ग है,उन्होंने एक बार फिर क्षेत्रवासियों की ओर से लोनिवि के ईई को ज्ञापन दिया है जिसमें कहा है कि मामले में त्वरित कार्रवाई की जाए ऐसा नहीं होने पर यानी दुर्घटना होने पर पूरी जिममेदारी विभाग व संबंधित ठेकेदार की होगी। बिष्ट के मुताबिक मार्ग में निर्माण कार्य अकटूबर २०२५ से शुरु हुआ जो आज तक पूरा नहीं हो पाया है। ज्ञापन में बिष्ट के साथ ही दर्जनों लोगों के हस्ताक्षर हैं।




















