भीमताल सांगुड़ी गांव वार्ड 2 मार्ग में गड्ढों को भरने और सीसी सुधार कार्य शुरू
वार्ड वासियों ने ली राहत की सास

भीमताल नैनीताल। भीमताल वार्ड 2, सांगुड़ी गांव को जोड़ने वाला मार्ग लंबे समय से गड्ढों से जूझ रहा था, जिसके कारण स्थानीय निवासियों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों ने गड्ढा मुक्त और सुविधाजनक सीसी मार्ग की मांग को लेकर कई बार आवाज उठाई, लेकिन उनकी मांगों को अनसुना किया गया।हाल ही में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर नगर की सड़कों की स्थिति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी और राज्य आंदोलनकारी बी.डी. पलड़िया ने इस मार्ग को तत्काल ठीक करने और गड्ढा मुक्त सीसी मार्ग बनाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी ने पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका अधिकारियों से सवाल-जवाब किए। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने आश्वासन दिया कि इस सड़क को पूरी तरह गड्ढा मुक्त कर नगर पालिका को सौंप दिया जाएगा। इस दिशा में कार्य आज से शुरू हो गया है और जल्द ही सीसी मार्ग को पूरी तरह ठीक कर लिया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि यह कार्य जल्द पूरा होगा।




















