पी. एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज छात्रों ने किया औद्योगिक भ्रमण

रामनगर नैनीताल। पी. एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर के कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों ने व्यावसायिक शिक्षा विषय पर्यटन एवं आतिथ्य के अंतर्गत मंगलवार को विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के जिला समन्वयक जयप्रकाश सेमवाल, ई उत्तराखंड टूरिज्म के डायरेक्टर, समर्थ बुधलाकोठी के नेतृत्व में त्रिनतारा रिज़ॉर्ट एंड स्पा, गेबुआ, रामनगर का औद्योगिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को होटल उद्योग की कार्यप्रणाली, प्रबंधन एवं आतिथ्य सेवाओं के व्यावहारिक पक्ष से अवगत कराना रहा। भ्रमण के दौरान छात्रों ने फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, फूड एंड बेवरेज सर्विस सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन कर प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय कुमार धस्माना, रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर यशवंत सिंह बिष्ट तथा टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी ट्रेनर ललित किशोर आदि उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य अजय कुमार धस्माना ने कहा कि इस प्रकार के उद्योग भ्रमण छात्रों को रोजगार परक शिक्षा से जोड़ने एवं उनके व्यावहारिक ज्ञान को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होते हैं। वहीं जनरल मैनेजर यशवंत सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों को होटल संचालन की वास्तविक जानकारी प्रदान की।
भ्रमण का सफल संचालन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी ट्रेनर ललित किशोर द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने इस उद्योग भ्रमण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक अनुभव बताया।




















