लापता छात्र अर्णव का १९ दिन बीत जाने के बाद भी सुराग नहीं जंगल में सर्च अभियान जारी

नैनीताल । नैनीताल की सबसे ऊंची चोटी नैना पीक के ट्रैकिंग के दौरान लापता हुए बीटेक के छात्र अर्णव का १९ दिन बीत जाने के बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है। बेटे की तलाश में बिहार से नैनीताल पहुंचे अर्णव के पिता पंकज कुमार हर दिन अच्छी खबर की उममीद में कोतवाली पहुंचते हैं लेकिन उन्हें शाम को मायूस होकर लौटना पड़ता है।
बता दें बीते ६ नवंबर को ग्राफिक एरा भीमताल में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र अर्णव अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ नैनीताल की नैनापीक ट्रैकिंग पर गया था लेकिन वापसी के दौरान अर्णव अचानक लापता हो गया,तभी से लगातार पुलिस, वन विभाग, एसडीआरएफ की अलग -अलग टीमें जंगलों में तलाश में जुटी हुई हैं लेकिन अभी तक किसी भी विभाग को कामयाबी नहीं मिल पायी है।
दूसरी ओर पुलिस लगातार ११ दिनों की पूछताछ के बाद अर्णव के तीनों दोस्तों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर चुकी है,खास बात यह है कि अर्णव के नही मिलने तक उन्हें शहर से बाहर नहीं जाने की हिदायत दी गयी है। फिलहाल १९ दिन का लंबा सफर बीत जाने के बाद अर्णव का पता नहीं चल पाने से उनके परिजन खासे परेशान हो चले हैं।

























