राष्ट्रीय पटल पर पार्वती प्रेमा जगती विद्यालय के खिलाड़ियों ने लहराया परचम
राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम उपविजेता रही विद्यालय पहुंचने पर हुआ स्वागत

नैनीताल। सरोवर नगरी के प्रतिष्ठित पार्वती प्रेमा जगती सरस्वती विहार विद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया। बता दें शिक्षा के साथ संस्कार एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता की पहचान बना है। बता दें मंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने देशभर की प्रतिस्पर्धी टीमों के बीच उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, तालमेल और संघर्षशीलता का परिचय देते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता विद्यालय की सुदृढ़ खेल परंपरा, खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। आज विद्यालय में वंदना सत्र में राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश एवं शैक्षिक प्रभारी श्री उमेश शर्मा ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, धैर्य एवं टीम भावना विकसित करते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय की यह उपलब्धि सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय के प्रबंधक श्याम अग्रवाल ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं मार्गदर्शकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और विद्यालय में उपलब्ध खेल सुविधाओं एवं अनुकूल वातावरण का परिणाम है।
विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक शिक्षक आदित्य कार्की जी को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं है।

























