होटल एवं होमस्टे पंजीकरण की नई नियमावली पर पर्यटन कारोबारियों के हितों को ध्यान में रखने की आवश्यकता : व्यापारी नेता अखिलेश सेमवाल

नैनीताल। उत्तराखंड पर्यटन विकास विभाग द्वारा होटल एवं होमस्टे पंजीकरण तथा नवीनीकरण को लेकर लागू की गई नई नियमावली पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी, जिला नैनीताल के पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अखिलेश सेमवाल ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन व्यवसाय की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश के हजारों परिवारों की आजीविका होटल, होमस्टे, रेस्टोरेंट एवं अन्य पर्यटन गतिविधियों पर निर्भर है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय रोजगार सृजन और उत्तराखंड को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भी उत्तराखंड को धार्मिक, आध्यात्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में अनेक प्रयास किए जा रहे हैं।
अखिलेश सेमवाल ने कहा कि होटल एवं होमस्टे के पंजीकरण और प्रत्येक पांच वर्ष में नवीनीकरण की व्यवस्था के साथ निर्धारित शुल्क को लेकर छोटे एवं मध्यम पर्यटन कारोबारियों की व्यावहारिक समस्याओं को भी समझना आवश्यक है। पंजीकरण की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और व्यवसायियों के अनुकूल होनी चाहिए, ताकि छोटे होटल संचालकों एवं होमस्टे व्यवसायियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।

























