हरतालिका तीज व गणेश चतुर्थी व्रत आज:आचार्य जोशी

नैनीताल । सरोवर नगरी के समीपवर्ती गेठिया गांव निवासी आचार्य पंडित प्रकाश चंद्र जोशी ने बताया कि इस बार हरतालिका तृतीया तथा गणेश चतुर्थी व्रत एक ही दिन यानी सोमवार (आज) को मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस दिन तृतीया तिथि प्रात: ७.०७ बजे तक रहेगी तदुपरांत चतुर्थी तिथि प्रारंभ होगी। चित्रा नक्षत्र दोपहर १.५५ बजे तक रहेगा। यदि योग की बात करें तो ब्रह्म योग दोपहर १२.४६ तक रहेगा। यदि चंद्रमा की स्थिति को जानें तो चंद्र देव पूर्ण रूप से तुला राशि में विराजमान रहेंगे। इस दिन चंद्रमा के दर्शन करना वर्जित माना जाता है। यदि अज्ञानता या भूल वश आपने चंद्रमा के दर्शन किए तो आप पर बेवजह चोरी का झूठा आरोप लग सकता है। भगवान श्री कृष्ण ने भी एक बार भादो गणेश चतुर्थी का चांद देख लिया था उन पर भी बेवजह स्यमन्तक मणि चोरी का झूठा आरोप लगा था। भागवत पुराण के दशम स्कंध के ५६ वें एवं ५७वें अध्याय में इसका उल्लेख मिलता है। भूलवश किसी ने यदि इस रात्रि को चांद देख लिया तो उसे इसके निवारण हेतु स्यमन्तक मणि चोरी की कथा सुननी चाहिए।




















