जंगलियागांव में गुलदार की चहलकदमी दिखाने से बढ़ी दहशत

नैनीताल । जिले के राजकीय इंटर कॉलेज जंगलियागांव के समीप गुलदार की चहलकदमी देखी गयी है इससे भयभीत अभिभावकों ने विद्यालय के समय में बदलाव की मांग की है। इस संबंध में ग्राम प्रधान राधा कुल्याल की अध्यक्षता में अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन की शनिवार को संयुक्त बैठक हुई जिसमें सुबह और शाम के समय में परिवर्तन का आग्रह किया गया।
अभिभावकों ने बताया कि विद्यालय में मलुवाताल और शिमाला के बच्चे १० से १२ किलोमीटर दूर से पढऩे आते हैं। कई बच्चों को पैदल विद्यालय पहुंचने में करीब दो घंटे लगते हैं जिससे सुबह नौ बजे तक स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। गुलदार की चहलकदमी के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने नैनीताल वन प्रभाग के वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी से विद्यालय परिसर के बाहर जंगल की सीमा पर कैमरे और पिंजरा लगाने की मांग की। वन विभाग की ओर से सोमवार को कैमरे लगाने का आश्वासन दिया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम सिंह कुल्याल ने अभिभावकों से एकजुट होकर सुरक्षा के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। बैठक में पीटीए अध्यक्ष गोपाल दत्त पलडिय़ा, एसएमसी अध्यक्ष गोपाल सिंह पडिय़ार सहित वीरेंद्र सिंह कुल्याल, तुलसी भट्ट, नरेंद्र सिंह पडिय़ार, मोहन चंद्र, यशवंत कुमार, दुर्गा देवी, ममता कुल्याल, उषा कुल्याल, जानकी देवी, सुनीता, आशा, मीना, हंसी, कविता, दीपा भट्ट, राधा देवी, अनीता कुल्याल समेत दर्जनों अभिभावक मौजूद रहे।




















