राज्यपाल एवं कुलाधिपति गुरमीत ने
ट्रांसफॉर्मेशन, एक्सीलेंस एंड सर्विस” तथा “थ्री इयर्स ऑफ प्रोग्रेस”का किया विधिवत लोकार्पण

देहरादून नैनीताल। उत्तराखण्ड के राज्यपाल एवं कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने आज लोक भवन, देहरादून में आयोजित एक गरिमामय समारोह में कुमाऊँ विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित दो महत्वपूर्ण कॉफी टेबल बुक्स—“ट्रांसफॉर्मेशन, एक्सीलेंस एंड सर्विस” तथा “थ्री इयर्स ऑफ प्रोग्रेस”—का विधिवत लोकार्पण किया।
इस अवसर पर माननीय राज्यपाल ने कुमाऊँ विश्वविद्यालय द्वारा पिछले तीन वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि इन दोनों कॉफी टेबल बुक्स में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, विकास यात्रा तथा संस्थागत परिवर्तन को अत्यंत प्रभावशाली, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान के विकास की यात्रा का प्रामाणिक दस्तावेजीकरण अत्यंत आवश्यक है और कुमाऊँ विश्वविद्यालय ने इस दिशा में उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
माननीय राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों को अपने कार्यों, नवाचारों, उपलब्धियों एवं श्रेष्ठ प्रथाओं का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करते हुए उन्हें पुस्तक के रूप में प्रकाशित करने का सुझाव दिया था। कुमाऊँ विश्वविद्यालय ने इस निर्देश का गंभीरता से पालन करते हुए दो उत्कृष्ट कॉफी टेबल बुक्स प्रकाशित की हैं, जो विश्वविद्यालय की विकास यात्रा का सशक्त एवं प्रेरणादायी दस्तावेज हैं।
उन्होंने कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान सिंह रावत के नेतृत्व की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार, अधोसंरचना विकास, डिजिटल परिवर्तन, गुणवत्ता संवर्धन, छात्र कल्याण, सामुदायिक सहभागिता तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। इन सभी उपलब्धियों का तथ्यपरक एवं सुव्यवस्थित संकलन इन दोनों प्रकाशनों में किया गया है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उपयोगी संदर्भ सामग्री सिद्ध होंगे।
राज्यपाल ने कहा कि “ट्रांसफॉर्मेशन, एक्सीलेंस एंड सर्विस” कॉफी टेबल बुक विश्वविद्यालय के परिवर्तन, उत्कृष्टता एवं समाज सेवा की भावना को जीवंत चित्रों, संक्षिप्त विवरणों एवं तथ्यात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित करती है, जबकि “थ्री इयर्स ऑफ प्रोग्रेस” कॉफी टेबल बुक कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान सिंह रावत के तीन वर्षीय कार्यकाल के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा प्राप्त उपलब्धियों, प्रशासनिक सुधारों, शैक्षणिक नवाचारों, अनुसंधान उपलब्धियों, अधोसंरचना विकास, छात्र हितैषी पहलों तथा संस्थागत उपलब्धियों का व्यापक दस्तावेज प्रस्तुत करती है।
माननीय राज्यपाल ने कहा कि इन दोनों प्रकाशनों के माध्यम से यह स्पष्ट होता है कि विश्वविद्यालय ने सीमित संसाधनों के बावजूद योजनाबद्ध ढंग से विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल कुलपति के नेतृत्व का ही परिणाम नहीं है, बल्कि सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक परिश्रम, समर्पण, अनुशासन एवं टीम भावना का प्रतिफल है।
उन्होंने दोनों कॉफी टेबल बुक्स के उत्कृष्ट संपादन, उच्च गुणवत्ता, आकर्षक डिज़ाइन, तथ्यपरक सामग्री तथा प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इन प्रकाशनों के माध्यम से विश्वविद्यालय की उपलब्धियाँ न केवल राज्य एवं देश बल्कि वैश्विक स्तर पर भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित होंगी।
इन दोनों कॉफी टेबल बुक्स का संपादन प्रो. रीतेश साह एवं डॉ. अमित मेलकानी द्वारा किया गया है। दोनों संपादकों ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, संकायों एवं प्रशासनिक इकाइयों से प्राप्त सूचनाओं का व्यापक संकलन एवं तथ्यात्मक संपादन करते हुए इन्हें एक उत्कृष्ट संस्थागत दस्तावेज का स्वरूप प्रदान किया है।
समारोह में माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति ने कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान सिंह रावत, संपादकों तथा समस्त विश्वविद्यालय परिवार को इन उत्कृष्ट प्रकाशनों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कुमाऊँ विश्वविद्यालय भविष्य में भी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, गुणवत्ता, सुशासन एवं समाज सेवा के क्षेत्र में नए मानदण्ड स्थापित करते हुए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान को और सुदृढ़ करेगा।




















