टीम क्लीन के सदस्यों ने खुरपाताल में स्वच्छता अभियान चलाकर
पौधारोपण कर किया लोगों को जागरूक रोपे 45 पौधे


नैनीताल। सरोवर नगरी में ‘टीम क्लीन नैनीताल’ ने खुरपाताल में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया। इसके तहत वन क्षेत्र से कूड़ा-कचरा साफ कर 45 पौधों का रोपण किया गया। यह संस्था की “1000 वृक्षारोपण चुनौती” का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पौधे प्रायोजित करने के लिए संस्था ने खुरपाताल स्थित ‘उत्तरांचल रेस्टोरेंट’ का विशेष आभार व्यक्त किया।
संस्था के प्रशांत तिवारी ने बताया कि खुरपाताल के वन क्षेत्र में हानिकारक खरपतवार व झाड़ियों के फैलने से बांज, देवदार जैसी अन्य मूल प्रजातियां नहीं पनप पाती हैं। इसलिए, हमारी टीम इन हानिकारक झाड़ियों को हटाकर मूल वृक्ष लगा रही है, ताकि जंगल केवल हरा-भरा ही न दिखे, बल्कि स्थानीय पर्यावरण और पारिस्थितिकी तंत्र को भी इसका वास्तविक लाभ मिल सके।
प्रशांत तिवारी ने बताया कि टीम का अगला वृक्षारोपण रविवार को रतन कॉटेज व स्टोनले कंपाउंड में, और स्वच्छता अभियान बुधवार को ठंडी सड़क पर होगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से नैनीताल को स्वच्छ व हरा-भरा बनाने के लिए इन अभियानों से जुड़ने की अपील की है। इस मौके पर
अभियान में अलंकृता कनवाल, अरुणिका नेगी, जयंत चौधरी, आशू निगम, साक्षी और अवंतिका सहित टीम के कई जागरूक स्वयंसेवकों ने अपना सक्रिय योगदान दिया।




















