एरीज में 13 वीं आदित्य-एल1 सपोर्ट सेल कार्यशाला का हुआ सफल आयोजन


नैनीताल। सरोवर नगरी के प्रतिष्ठित आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज), में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) एवं एरीज के संयुक्त तत्वावधान में संचालित आदित्य-एल1 सपोर्ट सेल (AL1SC) द्वारा 6 से 15 जुलाई 2026 के बीच 13वीं आदित्य-एल1 सपोर्ट सेल कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य शोधार्थियों एवं युवा वैज्ञानिकों को आदित्य-एल1 मिशन के वैज्ञानिक उद्देश्यों, इसके विभिन्न पेलोडों तथा सौर भौतिकी से संबंधित डेटा के विश्लेषण की उन्नत तकनीकों से परिचित कराना था।
इस दस दिवसीय कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को सूर्य के अध्ययन, आदित्य-एल1 मिशन से प्राप्त डेटा के उपयोग, वैज्ञानिक प्रस्ताव लेखन तथा आधुनिक डेटा विश्लेषण विधियों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शोध संस्थानों से 32 विद्यार्थियों तथा शोध छात्रों ने इसमें भाग लिया।
इस अवसर पर एरीज के निदेशक डॉ मनीष कुमार नजा ने कहा कि आदित्य-एल1 सपोर्ट सेल का उद्देश्य देश में सौर भौतिकी अनुसंधान को सशक्त बनाना तथा युवा शोधकर्ताओं का एक सक्षम उपयोगकर्ता समुदाय तैयार करना है, जिससे आदित्य-एल1 मिशन के डेटा का अधिकतम उपयोग कर उत्कृष्ट शोध परिणाम प्राप्त किए जा सकें। आदित्य-एल1 सपोर्ट सेल के प्रभारी डॉ एस. कृष्णाप्रसाद ने कार्यशाला का संयोजन किया।




















