सूर्याजाला की हंसी को निवाला बनाने वाले आदमखोर बाघ का अभी तक पता नहीं
ग्रामीण है भयभीत

नैनीताल । नैनीताल जिले के भीमताल विकास खंड की ग्राम पंचायत सूर्यागांव के तोक सूर्याजाला में हंसी देवी की मौत के बाद से ग्रामीणों में वन्य जीव की दहशत बरकरार है। वन विभाग की टीम वन्य जीव की तलाश में लगी हुई है लेकिन विभाग को सुराग नहीं मिल पा रहा है। बता दें विभाग की ओर से आदमखोर वन्य जीव को पकडऩे के लिए 7 पिंजरे लगाए गए हैं साथ ही 50 से अधिक वन कर्मियों की टीम क्षेत्र लगी हुई है। विभाग की ओर से रविवार को ड्रोन की मदद से वन्य जीव की मूवमेंट पर नजर रखी गई लेकिन वन्य जीव की मूवमेंट का पता नहीं चल पाया। विभाग की ओर से दो डाक्टर विशेषज्ञ वन्य जीव को ट्रैंकुलाइज करने के लिए लगे हुए हैं। रविवार को विभाग की ओर से ग्रामीणों को चारा मुहैया कराया गया और क्षेत्र में सोलर लाइट लगाई गई। नैनीताल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार ने कहा कि वन्य जीव की तलाश जारी है। वन्य जीव को पकडऩे के लिए पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं दो डाकटर लगातार ट्रैकुलाइज के लिए जुटे हुए हैं। गंगवार ने लोगों से अकेले घरों की ओर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।




















