खुर्पाताल क्षेत्र में मदिरा की दुकान के विरोध में ग्रामीणों मैं आक्रोश किया चक्का जाम वार्ता के आश्वासन पर खुला मार्ग
ग्रामीणों का रात्रि में भी विरोध प्रदर्शन और धरना जारी

नैनीताल । नैनीताल जनपद के भीमताल विकास खंड के खुर्पाताल न्याय पंचायत क्षेत्र में मदिरा की प्रस्तावित दुकान के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को महिलाओं सहित ग्रामीणों ने सडक़ पर उतरकर चक्का जाम कर दिया जिससे यातायात प्रभावित रहा।
ग्रामीणों का कहना था कि मंगोली और बजून क्षेत्र में मदिरा की दुकान खोलने के निर्णय से सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा। आज १ अप्रैल को नये वित्तीय वर्ष के पहले दिन मदिरा की दुकान के खुलने व रात्रि में मदिरा लाये जाने की संभावना के दृष्टिगत महिलाएं पूरी रात्रि प्रस्तावित दुकान के बाहर धरने पर बैठी रहीं और दुकान में मदिरा के भंडारण की आशंका को देखते हुए पूरी रात प्रदर्शन जारी रखा। प्रात: तक भी टेंडर निरस्त करने संबंधी आदेश न आने पर आंदोलन उग्र हो गया और सडक़ जाम कर दी गई।
स्थिति को देखते हुए मल्लीताल से कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हेम चंद्र पंत ने एक घंटे के भीतर प्रशासन से वार्ता कराने का आश्वासन दिया जिसके बाद ग्रामीणों ने मार्ग खोल दिया। हालांकि ग्रामीण समाचार लिखे जाने तक भी प्रस्तावित स्थल के बाहर धरने पर डटे हुए हैं। पुलिस ने नैनीताल-कालाढुंगी के बीच आने-जाने वाले वाहनों को हल्द्वानी के रास्ते डायवर्ट कर दिया है।
प्रदर्शन में धरने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु पांडे, ग्राम प्रधान प्रेमा मेहरा, हंसी नेगी, खुशाल बिष्ट, गोविंद सिंह, सूरज अधिकारी, हेम बहुखंडी, पुष्पा कनवाल, दीपा कनवाल, भगवती, जानकी, प्रेमा मेहरा, कीर्ति आर्या, मंजू आर्या, कमला देवी, मंजू बिष्ट, पुष्पा, रजनी तथा हेमलता सहित अनेक ग्रामीण महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि शामिल रहे। उल्लेखनीय मंगलवार को स्थानीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने भी इस क्षेत्र में मदिरा की नयी दुकान न खोलने की जिलाधिकारी से पैरवी की थी। बता दे ग्रामीण महिला और पुरुष द्वारा रात को भी धरने पर बैठकर अपना विरोध कर रहे हैं और बीती पूरी रात ग्रामीण रोड पर बैठे रहे।




















