कुलपति ने किया छुट्टी में भी छात्रावासों
अर्गल फोर्ड स्थित आईटीईपी भवन के निर्माण कार्यों का भी किया स्थलीय ओचक निरीक्षण

नैनीताल । कुमाऊँ विश्वविद्यालय नैनीताल के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने विवि में अवकाश के बाद भी विवि के डीएसबी परिसर के छात्रावासों का औचक निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि बिना किसी सुरक्षा या पूर्व सूचना के कुलपति प्रो. रावत ने कुविवि के डीएसबी परिसर के एसआर तथा केपी छात्रावास का एकल निरीक्षण किया ताकि छात्रावासों की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष रूप से अवलोकन किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. रावत ने छात्रावास के जल टैंकों समेत शौचालयों तथा रसोईघर एवं परिसर की स्वच्छता की स्थिति का बारिकी से जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी समस्याएँ जानीं। इस दौरान एक छात्रा ने खेल सामग्री की अनुपलबधता का उल्लेख किया जिस पर कुलपति ने तत्काल खेल प्रभारी को आवश्यक खेल सामग्री विद्यार्थियों को मुहैया कराने के निर्देश दिए।
कुलपति प्रो. रावत ने कहा कि छात्रावास विद्यार्थियों के लिए दूसरा घर होता है अत: वहाँ स्वच्छता तथा सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने छात्रावास अधीक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध रूप से किया जाए और परिसर की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
छात्रावास निरीक्षण के उपरांत कुलपति प्रो. रावत ने डीएसबी परिसर एवं अर्गल फ ोर्ड स्थित आईटीईपी भवन के निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और निर्माण एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कुलपति ने कहा कि आईटीईपी भवन विश्वविद्यालय की शैक्षिक संरचना को और सुदृढ़ करेगा तथा शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में नये मानक स्थापित करेगा। यह औचक निरीक्षण और निर्माण कार्यों का अवलोकन विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय समुदाय के बीच सकारात्मक संदेश लेकर आया तथा सभी ने कुलपति के इस संवेदनशील सक्रिय एवं व्यवहारिक नेतृत्व की सराहना की।




















